परवरिश
एक नदी .
उछलती कूदती, झरने सी फूटती,
शोर मचाती, ऊर्जा से भरपूर,
वेगमयी, अपने शैशव काल मे,
फिर धीर गहन गंभीर, उतर के धरातल पर,
गर्भ मे विद्युत का तेज लिए,
अनगिनत नहरों की संभावना लिए,
अपार विस्तार लिए ,
पर अपनी दिशा, मर्यादा खुद चुनते हुए
सुंदर,मनोहर,
नियंत्रण मुक्त, बिना किसी अंकुश के,
पर,
लाँघ जाती है सीमा,
तोड़ देती है अपने ही बंध,
विद्रोहिणी, तब ना बन्धती है ना रुकती,
कर देती है सब तहस नहस
जब भर जाती है ऊपर तक,
डूबती बिफरती अपने ही पानियों में,
तुमही कहो कैसे करूँ परवरिश अपने नन्हों की,
बहने दूं जैसे कि एक नदी, प्रकृति पदत्त,
अपनी नियति की ओर।
या फिर
दे दूँ उन्हे एक निश्चित दिशा,
कर दूँ उन्हे सुरक्षित, मज़बूत सीमाओं के बीच,
सिखाऊँ मर्यादा मे रहना और सही दिशा मे बहना,
सुनियोजित, जोखिम मुक्त,
एक नहर की तरह,
समजोपयोगी.
No comments:
Post a Comment