Thursday, 1 November 2012

दर्द 



ये क्या मुकाम है ज़िन्दगी का, 
 न मौत है न जीवन  ही है बाकी, 
बस उखड़ी उखड़ी सी साँसे हैं,
ढो रही हैं बोझ अपने होने का।

उम्मीद भी नहीं, चारा भी नहीं कोई,
किसी युक्ति, उपाय का सहारा भी नहीं कोई.

काश इस दुनिया में दो और दो चार ही न होते,
कुछ जगह चमत्कारों की भी होती.
ईश्वर भी अपने होने का अहसास अब नहीं कराता,
दुःख में वो भी साथ छोड़ गया दीखता है.

कहाँ जाएँ, किससे बात दिल की कहें हम,
ये दर्द कहने सुनने से भी कहाँ कम होता है.
इस बंजर सहारा में हजारों मृग मरीचिकाएँ हैं,
भटकना मजबूरी है सो भटक रहे हैं.

वही दर्द इन्तिहाँ है, वही आँख में आंसू,
वक़्त थमता भी नहीं और बदलता भी नहीं.



परवरिश 


एक नदी .
उछलती  कूदती, झरने सी फूटती,
शोर मचाती, ऊर्जा से भरपूर,
वेगमयी, अपने शैशव काल मे,

फिर धीर गहन गंभीर, उतर के धरातल पर,
गर्भ मे विद्युत का तेज लिए,
अनगिनत नहरों की संभावना लिए,
अपार विस्तार लिए ,
पर अपनी दिशा, मर्यादा खुद चुनते हुए

सुंदर,मनोहर,
नियंत्रण मुक्त, बिना किसी अंकुश के,
पर,
लाँघ जाती है सीमा,
तोड़ देती है अपने ही बंध,
विद्रोहिणी, तब  ना बन्धती है ना रुकती,
कर देती है सब तहस नहस
जब भर जाती है ऊपर तक,
डूबती बिफरती अपने ही पानियों में,

तुमही कहो कैसे करूँ परवरिश अपने नन्हों की,
बहने दूं जैसे कि एक नदी, प्रकृति पदत्त,
अपनी नियति की ओर।
या फिर
दे दूँ उन्हे एक निश्चित दिशा,
कर दूँ उन्हे सुरक्षित, मज़बूत सीमाओं के बीच,
सिखाऊँ मर्यादा मे रहना और सही दिशा मे बहना,
सुनियोजित, जोखिम मुक्त,
एक नहर की तरह,
समजोपयोगी.


Wednesday, 31 October 2012


चुप्पी  


ऐसा क्यों होता है,

जब बहुत कुछ होता है मेरे पास कहने को, तुम सुनना नहीं चाहते,
बहुत सही होंगे तुम्हारे कारण, पर मेरी बातें भी कम ज़रूरी नहीं,

कितना कुछ सोचा होगा, कितनी भूमिकाएं बाँधी होंगी.
तुम्हारे reactions का भी आंकलन किया होगा,
तुम्हारी चुप्पी को तोड़ने के कितने तरीके खोजे होंगे,
साहस की तो मुझमे कमी नहीं, कम से कम तुमसे तो मैं डरती नहीं,
फिर भी कितना धोया पोंछा होगा अपनी बात को तुमसे कहने से पहले
कि वो  तुम्हारे कानों से होते हुए दिल तक पहुँच जाए और
 छोटा ही सही मगर मेरी उम्मीद का जवाब आये

मगर नहीं, आखिर कोई बात भी तुम्हारी चुप्पी से बड़ी नहीं
जाने क्या सोच के तुम कुछ नहीं कहते,
मेरी बातें नादान हैं और तुम्हारी समझदारी भरी ही सही
पर वही, वही तो है जो मैं सुनना चाहती हूँ ,
तुमसे कैसी भी सही बात करना चाहती हूँ
तुम्हारी चुप्पी तो कुछ नहीं कहती, न सही न गलत, कुछ भी नहीं
बस confuse करती है,
तुम्हारी चुप्पी में तुम्हारा प्यार टटोलते थक गयी हूँ,
तुम्हारी समझदारी भरी चुप से अपनी बातों की हेठी कराते भी थक गयी हूँ

अब मैं भी चुप हूँ,
सब कहते हैं समझदार हो गयी हूँ,
रिश्ता निभाना सीख गयी हूँ
तुम भी आराम से हो, मुझे भी अब ज्यादा तकलीफ नहीं होती,
कहते हैं न सबसे अच्छे रिश्तों में शब्दों की ज़रुरत नहीं रहती.